मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के मंडप से गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर दूल्हे की रिहाई के लिए दुल्हन हाथों में मेहंदी और चेहरे पर हल्दी लगाए थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके होने वाले पति को कुछ घंटों के लिए छोड़ दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें। जब पुलिस ने इनकार किया तो दुल्हन ने कस्टडी में ही फेरे कराने की मांग कर दी।
शादी के मंडप से गिरफ्तार हुआ गैंगस्टर दूल्हा
भोपाल में इल्लीगल गैंग से जुड़े कुख्यात आरोपी आकाश उर्फ भूरा हड्डी की शादी बुधवार को होने वाली थी। शादी की रस्में चल ही रही थीं कि पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को मंडप से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके साथ मौजूद कई साथियों को भी गिरफ्तार किया, जिससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया।
मेहंदी और हल्दी के साथ थाने पहुंची दुल्हन
अगले ही दिन दुल्हन सीमा हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में माला पहने कोहेफिजा थाने पहुंच गई। वह लगातार पुलिस से अपने होने वाले पति से मिलने और उसे कुछ घंटों के लिए छोड़ने की गुहार लगाती रही। दुल्हन का कहना था कि शादी की सभी रस्में हो चुकी हैं और घर में मेहमान मौजूद हैं।
‘नहीं छोड़ सकते तो कस्टडी में ही करा दें फेरे’
दुल्हन ने पुलिस अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर दूल्हे को रिहा नहीं किया जा सकता तो कम से कम थाने की कस्टडी में ही शादी के फेरे करा दिए जाएं। उसने यह भी कहा कि उसे अपने होने वाले पति के अपराधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और इस घटना से उसकी जिंदगी प्रभावित हो सकती है।
पुजारी के अपहरण और वसूली का आरोप
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों पर एक पुजारी के अपहरण और वसूली का आरोप है। आरोपियों ने पुजारी को बंधक बनाकर उससे पैसे मांगने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित के भाई से ऑनलाइन रकम भी वसूली और बाकी रकम किश्तों में देने का दबाव बनाया।
एफआईआर के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आकाश समेत उसके कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।