
राजस्थान के बाड़मेर से रिश्तों और भरोसे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। झुंझुनूं की रहने वाली आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मुकेश कुमारी अपने प्रेमी शिक्षक मानाराम से मिलने करीब 600 किलोमीटर का सफर तय कर बाड़मेर पहुंचीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह मुलाकात उनकी जिंदगी की आखिरी साबित होगी।
फेसबुक पर हुई थी मुलाकात
अक्टूबर 2024 में चवा गांव निवासी शिक्षक मानाराम और मुकेश कुमारी की पहचान फेसबुक पर हुई थी। दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों कई बार आमने-सामने भी मिले। मुकेश अक्सर झुंझुनूं से बाड़मेर आकर प्रेमी से मिलती और लौट जातीं। हालांकि मानाराम शादीशुदा था और उसका तलाक कोर्ट में लंबित था।
शादी की जिद बनी तनाव की वजह
रिश्ता गहराने के साथ ही मुकेश ने मानाराम पर शादी का दबाव डालना शुरू कर दिया। 10 सितंबर को वह अपनी कार से झुंझुनूं के चिड़ावा से बाड़मेर पहुंचीं और प्रेमी से उसके परिजनों से मिलने की जिद करने लगीं। जब मानाराम ने साफ मना कर दिया, तो वह चवा पुलिस चौकी पहुंच गईं। पुलिस ने दोनों को समझाया और मामला खत्म समझकर छोड़ दिया। लेकिन यहीं से एक खौफनाक मोड़ की शुरुआत हुई।
लोहे की सरिया से हमला, फिर हादसे का बहाना
बाड़मेर लौटने के बाद मानाराम मुकेश को बलदेव नगर स्थित एक कमरे में ले गया। वहां बहस बढ़ी तो उसने लोहे की सरिया से वार कर मुकेश की हत्या कर दी। वारदात छिपाने के लिए आरोपी ने शव को महिला की ऑल्टो कार की ड्राइविंग सीट पर बैठाया और इसे सड़क हादसे जैसा दिखाने की कोशिश की। हत्या के बाद वह अपने कमरे में चैन की नींद सोया और सुबह उठकर सीधे वकील को घटना की जानकारी दी। वकील ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सारा राज खुल गया।
इसे भी पढ़ें : Dhaula Kuan हादसा: Navjot Singh की जान गई, अब FIR और पुलिस जांच पर उठे सवाल
तलाकशुदा थी मृतका, शिक्षक है आरोपी
मुकेश कुमारी का लगभग 9–10 साल पहले पति से तलाक हो चुका था। वह महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर थीं और सीकर जिले के खंडेला में तैनात थीं। वहीं, आरोपी मानाराम महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षक है।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
फिलहाल पुलिस ने आरोपी मानाराम को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बनी दोस्तियों और रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।